Varanasi News: वाराणसी में सफाई कर्मियों का हंगामा, सड़क पर कूड़ा फेंक जताया विरोध, वेतन बढ़ाने की उठी मांग
वाराणसी। वेतन वृद्धि और ड्यूटी अवधि में सुधार की मांग को लेकर बुधवार को नगर निगम के सफाई कर्मियों ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज सफाई कर्मियों ने मलदहिया स्थित पटेल चौराहा और लंका के मालवीय चौराहे समेत कई स्थानों पर सड़क पर कूड़ा फेंककर विरोध जताया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
प्रदर्शन के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर फैले कूड़े और प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए हालात बिगड़ते नजर आए। सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और सफाई कर्मियों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
सफाई कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन बढ़ाने और काम के घंटों में राहत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। कर्मचारियों ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में काम करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क से कूड़ा हटवाया और यातायात सामान्य कराया। अधिकारियों ने सफाई कर्मियों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन ने शहर की सफाई व्यवस्था और नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
