×

Varanasi News: दशाश्वमेध घाट पर डूबते युवक की नाविकों ने बचाई जान, बड़ा हादसा टला

Varanasi News: दशाश्वमेध घाट पर डूबते युवक की नाविकों ने बचाई जान, बड़ा हादसा टला

वाराणसी। दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा नदी में रविवार रात स्नान के दौरान एक युवक डूबने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्थानीय लोग और नाविक युवक को बचाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मध्य प्रदेश का निवासी है और रात में गंगा स्नान के दौरान अनजाने में गहरे पानी में चला गया। खुद को डूबता देख उसने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया।

युवक की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय नाविक तुरंत सक्रिय हो गए। नाविक मनीष साहनी ने बताया कि युवक गहरे पानी में फंस गया था और लगातार सहायता के लिए पुकार रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नाविकों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

नाव पर रखे बांस की मदद से युवक तक पहुंच बनाई गई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। नाविकों की तत्परता और सूझबूझ के चलते युवक की जान बच गई तथा एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने नाविकों की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं, प्रशासन ने भी गंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सतर्कता बरतने तथा निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही स्नान करने की अपील की है।

Share this story