Varanasi News: घाटों पर बढ़ी पुलिस की सख्ती, देर रात गंगा स्नान और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी
वाराणसी। गंगा घाटों पर हाल के दिनों में डूबने की घटनाओं तथा देर रात नशीले पदार्थों के सेवन की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। इसी क्रम में अस्सी चौकी पुलिस द्वारा देर रात घाट क्षेत्र में विशेष निगरानी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने घाटों का व्यापक भ्रमण किया और देर रात गंगा में स्नान कर रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। साथ ही घाटों पर अनावश्यक रूप से बैठे एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त प्रतीत होने वाले लोगों को वहां से हटाया गया। पुलिस ने लोगों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा देर रात गंगा में स्नान न करने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में घाट क्षेत्रों में बच्चों के डूबने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अतिरिक्त कुछ स्थानों पर देर रात नशीले पदार्थों के सेवन की शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं, जिसके मद्देनजर यह विशेष अभियान चलाया गया। तुलसी घाट समेत कई घाटों पर पूर्व में डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके कुछ युवक देर रात गंगा में स्नान करते पाए गए, जिनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
