Varanasi News: मां अन्नपूर्णा रसोई में शुरू हुई PNG सेवा, गेल इंडिया ने दी स्वच्छ ऊर्जा की सौगात
वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। GAIL (India) Limited ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के तहत श्री काशी विश्वनाथ परिक्षेत्र स्थित काशी अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित मां अन्नपूर्णा रसोई घर यूनिट-1 और यूनिट-2 में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सेवा का शुभारंभ किया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं वाराणसी दक्षिण के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, गेल इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (CGD) एच.के. गर्ग तथा काशी अन्नपूर्णा मठ के महंत शंकर पुरी महाराज ने संयुक्त रूप से इस सेवा का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि मां अन्नपूर्णा सेवा ट्रस्ट में PNG सेवा का शुरू होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं और अब यह व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगी। उन्होंने इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए गेल इंडिया लिमिटेड की टीम को बधाई भी दी।
गेल इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एच.के. गर्ग ने बताया कि कंपनी वाराणसी शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार CGD परियोजना का विस्तार कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि मां अन्नपूर्णा रसोई की दोनों यूनिटों में अब तक हर महीने करीब 600 एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग होता था। PNG सेवा शुरू होने के बाद सिलेंडरों की खपत में बड़ी कमी आएगी और गैस आपूर्ति अधिक सुविधाजनक होगी।
उन्होंने कहा कि PNG सेवा पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प होने के साथ-साथ सुरक्षित, सतत और कम खर्चीली ऊर्जा व्यवस्था भी प्रदान करती है। इससे रसोई संचालन में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी तथा गैस आपूर्ति बाधित होने की संभावना भी कम हो जाएगी।

काशी अन्नपूर्णा मठ के महंत शंकर पुरी महाराज ने गेल इंडिया की सराहना करते हुए कहा कि श्री काशी विश्वनाथ क्षेत्र की संकरी गलियों में इतनी तेजी और कुशलता से PNG सेवा शुरू करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं के लिए संचालित अन्न क्षेत्र की व्यवस्था और मजबूत होगी।
इस अवसर पर काशी अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यकारी न्यासी जनार्दन शर्मा, जीएम वाराणसी सुशील कुमार, सीएम-स्टील प्रवीण सिंह, सीएम-ओ एंड एम चंदन कुमार, सीएम-मार्केटिंग प्रवीण गौतम, देबाशीष साहू, प्रदीप श्रीवास्तव, राकेश तोमर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
