×

Varanasi News: वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलेगी नई सुविधा, स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर से जुड़ेंगे दोनों टर्मिनल

Varanasi News: वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलेगी नई सुविधा, स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर से जुड़ेंगे दोनों टर्मिनल

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर चल रहे विस्तारीकरण कार्य के पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलने जा रही हैं। एयरपोर्ट पर नए और पुराने टर्मिनल भवन को जोड़ने के लिए स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे यात्री महज पांच मिनट में एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल तक पहुंच सकेंगे।

खास बात यह होगी कि यात्रियों को टर्मिनल बदलने के लिए एयरपोर्ट परिसर से बाहर नहीं निकलना पड़ेगा। पूरी तरह कांच से बने इस वातानुकूलित कॉरिडोर में यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। कॉरिडोर से बाहर का दृश्य भी साफ दिखाई देगा, जिससे खुलापन और आधुनिकता का एहसास होगा।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, विस्तारीकरण कार्य के तहत एक नया टर्मिनल भवन तैयार किया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद पुराने टर्मिनल से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और नए टर्मिनल से घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा। बढ़ते यात्री भार को देखते हुए दोनों टर्मिनलों को आपस में बेहतर तरीके से जोड़ने की योजना बनाई गई है।

सुविधा को और आसान बनाने के लिए स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर में ट्रेवलेटर यानी चलती पट्टी लगाने की भी तैयारी है। इससे बुजुर्ग, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

विस्तारीकरण परियोजना के तहत एयरपोर्ट को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ काशी की सांस्कृतिक झलक भी डिजाइन में शामिल की जा रही है। प्रवेश द्वार से लेकर अंदरूनी सजावट तक में बनारस की पारंपरिक पहचान को उभारने की कोशिश की जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन का मानना है कि नई सुविधाओं के शुरू होने के बाद यात्रियों का सफर पहले से अधिक सुगम और आकर्षक होगा।

Share this story