×

Varanasi News: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर दशाश्वमेध घाट पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, सेना के शौर्य को समर्पित हुई गंगा आरती

Varanasi News: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर दशाश्वमेध घाट पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, सेना के शौर्य को समर्पित हुई गंगा आरती
शंखनाद, डमरू और दीपों के बीच भारतीय सेना को काशी का नमन

दशाश्वमेध घाट पर शुक्रवार शाम देशभक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम के प्रतीक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा आरती पूरी तरह सेना के वीर जवानों को समर्पित रही।

गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में घाट पर हजारों श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भारतीय सेना के सम्मान में जयघोष किया।

शौर्य के सम्मान में हुआ दीप प्रज्वलन

गंगा आरती से पहले घाट पर भव्य दीप प्रज्वलन किया गया। शंखनाद और डमरू की गूंज के बीच सेना के जवानों के शौर्य को नमन किया गया। अर्चकों ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खात्मे की प्रार्थना की।

पूरा घाट ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद की सेना’ के नारों से गूंज उठा। देशभक्ति के इस वातावरण ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए मां गंगा में दीपदान भी किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।

बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु और गणमान्य लोग

इस विशेष अवसर पर गंगा सेवा निधि के कोषाध्यक्ष आशिष तिवारी, सचिव हनुमान यादव समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु और पर्यटक मौजूद रहे।

Share this story