Varanasi News: अस्सी घाट पर रात 10 बजे के बाद रोक की खबर निकली अफवाह
वाराणसी। काशी के प्रसिद्ध अस्सी घाट को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों पर पुलिस प्रशासन ने सफाई जारी की है। देर रात 10 बजे के बाद घाट पर लोगों के जाने पर रोक लगाए जाने की चर्चा को पुलिस ने पूरी तरह अफवाह बताया है।
डीसीपी गौरव बंसवाल ने स्पष्ट कहा कि अस्सी घाट पर आम लोगों के प्रवेश को लेकर कोई नया प्रतिबंध लागू नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही सूचनाएं भ्रामक हैं और लोगों से अपील की गई है कि बिना पुष्टि के किसी भी खबर को साझा न करें।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, अस्सी घाट पर पहले की तरह श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग आ-जा सकते हैं। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमित निगरानी जारी है, लेकिन रात 10 बजे के बाद प्रवेश प्रतिबंध जैसी कोई व्यवस्था लागू नहीं की गई है।
गौरतलब है कि अस्सी घाट वाराणसी का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल खबर के बाद लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई थी, जिसे अब पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
