×

Varanasi News: लोहता पुलिस और SOG की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 54 किलो गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में पुलिस और SOG की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक से 54 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज।
 

वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस के “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत लोहता पुलिस और एसओजी वाराणसी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए 54.160 किलोग्राम अवैध गांजा, एक मालवाहक ट्रक और नगदी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में मंगलवार शाम थाना लोहता क्षेत्र के सभईपुर अंडरपास के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरहुआ की तरफ से आ रहे एक मालवाहक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

ट्रक के डिवाइडर में छिपाकर रखा था गांजा

पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक की पहचान बिहार के रोहतास जनपद निवासी वकील बिन्द के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि वह फल लोड करने के लिए बिहार से प्रयागराज जा रहा था। हालांकि सघन तलाशी के दौरान ट्रक के आगे बने डिवाइडर में छिपाकर रखा गया 54.160 किलो अवैध गांजा बरामद हो गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने दूसरे राज्य से गांजा खरीदकर अधिक मुनाफे के लिए स्थानीय बाजारों में सप्लाई करने की योजना बनाई थी। आरोपी के पास से 580 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।

पहले भी जा चुका है जेल

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वकील बिन्द उड़ीसा राज्य के अढ़ामाली क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके अन्य राज्यों में आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

थाना लोहता में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में लोहता थाना पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही।

Share this story