×

Varanasi News: एचजी स्कूल के छात्र सुमित सिंह को मिली CRPF स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप, फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन का मिला सम्मान

वाराणसी के एचजी स्कूल के छात्र सुमित सिंह को राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए CRPF स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप मिली। विद्यालय में खुशी का माहौल।

वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र स्थित एचजी स्कूल वाराणसी के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। विद्यालय के कक्षा 12 के छात्र सुमित सिंह को सीआरपीएफ स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप से सम्मानित किया गया है। यह छात्रवृत्ति उन्हें राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर प्रदान की गई।

जानकारी के अनुसार 08 नवंबर 2025 को आगरा में आयोजित राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में सुमित सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया था। प्रतियोगिता का आयोजन युवा खेल कूद महासंघ इंडिया द्वारा किया गया था, जिसमें एचजी स्कूल की फुटबॉल टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।

विद्यालय प्रशासन के मुताबिक सुमित सिंह एचजी स्कूल के इतिहास में खेल छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले पहले छात्र बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अम्बिका प्रसाद गौड़ ने सुमित सिंह और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उन्होंने विद्यालय के खेल विभाग और शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रयासों की भी सराहना की।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में ऐसे और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

Share this story