Varanasi News: भीषण गर्मी के बीच फल मंडी और पुलिस लाइन में लगा निशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर
वाराणसी। वाराणसी में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सामाजिक संस्था प्रबुद्धजन काशी न्यास और गौतम होमियो हाल की ओर से जनसेवा अभियान चलाया गया। संस्था द्वारा पहाड़िया फल मंडी और यातायात पुलिस लाइन में निशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य परामर्श और मुफ्त दवाएं वितरित की गईं।

शिविर में फल विक्रेताओं, श्रमिकों, राहगीरों और यातायात पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने लोगों को गर्मी और लू से बचाव के उपाय बताते हुए अधिक पानी पीने, ओआरएस और तरल पदार्थों का सेवन करने तथा धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी।

“ग्लोनाइन 200” को बताया लू से बचाव में उपयोगी
शिविर में मौजूद चिकित्सक डॉ. कृष्णामोहन यादव और डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि होम्योपैथिक दवा “ग्लोनाइन 200” लू से बचाव और उपचार में काफी उपयोगी मानी जाती है। उन्होंने कहा कि समय रहते सावधानी बरतने से हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है।

कमजोर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना जरूरी
संस्था अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह गौतम ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान श्रमिकों और कमजोर वर्ग के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि संस्था आगे भी जनहित में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती रहेगी।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने दवा वितरण के साथ लोगों को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। स्थानीय लोगों और फल विक्रेताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर लगातार आयोजित करने की मांग की।
