×

Varanasi News: गहरे पानी में फंसा परिवार, मल्लाहों की बहादुरी से बचीं 6 जिंदगियां

Varanasi News: गहरे पानी में फंसा परिवार, मल्लाहों की बहादुरी से बचीं 6 जिंदगियां
 गंगा स्नान के दौरान डूबने लगे मां-बेटी समेत 6 लोग, मल्लाह बने फरिश्ता

वाराणसी। मणिकर्णिका कुंड के पास मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मां, बेटी समेत छह लोग गहरे पानी में डूबने लगे, जिन्हें मौके पर मौजूद मल्लाहों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, नोएडा निवासी एक परिवार मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे मणिकर्णिका घाट पहुंचा था। परिवार में मां, तीन बेटियां और एक बेटा शामिल थे। स्नान के दौरान सभी धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गए और अचानक डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मणिकर्णिका घाट के किशन निषाद उर्फ टुल्लू ने बताया कि स्नान कर रहे लोगों को पहले ही आगे न जाने की चेतावनी दी गई थी। उन्हें बताया गया था कि आगे पानी गहरा और खतरनाक है, लेकिन परिवार के लोग नहीं माने और आगे बढ़ गए। इसी दौरान सभी पानी में डूबने लगे।

स्थिति गंभीर होते देख मौके पर मौजूद छह मल्लाह तुरंत गंगा में कूद पड़े और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बचाव के बाद परिवार के लोग बिना किसी औपचारिक कार्रवाई के वहां से चले गए।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने मल्लाहों की बहादुरी और सतर्कता की जमकर सराहना की है। वहीं थाना प्रभारी Dilip Mishra ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के संज्ञान में कोई औपचारिक शिकायत या मामला नहीं आया है।

Share this story