Varanasi News: काशी विश्वनाथ धाम के नाम पर वायरल हुआ फर्जी वीडियो, मंदिर न्यास ने जारी किया स्पष्टीकरण
By Varanasi NewsMay 21, 2026, 15:23 IST1779357201758
वाराणसी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर (Shri Kashi Vishwanath Temple Trust) ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। वायरल वीडियो में एक महिला और पुलिसकर्मी के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है, जिसे कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काशी विश्वनाथ धाम की घटना बताकर प्रसारित किया जा रहा है।
मंदिर न्यास ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो काशी विश्वनाथ धाम परिसर या मंदिर क्षेत्र से किसी भी प्रकार से संबंधित नहीं है। प्रशासन के अनुसार वीडियो किसी अन्य स्थान का है, जिसे गलत तरीके से मंदिर परिसर से जोड़कर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।
मंदिर प्रशासन ने जताई नाराजगी
मंदिर न्यास ने कहा कि इस तरह की फर्जी और भ्रामक सूचनाएं श्रद्धालुओं और आमजन में भ्रम की स्थिति पैदा करती हैं। प्रशासन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों के नाम पर इस प्रकार का दुष्प्रचार समाज में गलत संदेश फैलाता है।
फर्जी प्रचार करने वालों पर होगी कार्रवाई
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा है कि गलत जानकारी फैलाने वाले व्यक्तियों और सोशल मीडिया माध्यमों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर गलत तथ्यों के साथ वीडियो साझा करना गंभीर मामला है।
श्रद्धालुओं से की गई अपील
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट वीडियो या भ्रामक खबर पर विश्वास न करें। केवल अधिकृत स्रोतों और आधिकारिक जानकारी को ही सही माना जाए।