Varanasi News: पर्यटन परियोजनाओं में देरी पर डीएम सख्त, लापरवाह ठेकेदारों पर लगेगी पेनाल्टी
वाराणसी। जनपद में पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी एवं जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब हुआ है, उनके लिए जिम्मेदार कार्यदायी संस्थाओं एवं ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार पेनाल्टी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान पर्यटन विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कुंवार स्थित काली मंदिर, भैरवनाथ तालाब, करखियाव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित परियोजना, अजगरा विधानसभा क्षेत्र के शिव मंदिर, क्रमेदेश्वर महादेव मंदिर तथा माधोपुर स्थित शुलटकेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई।
उन्होंने लमही स्थित साहित्य सम्राट मुंशी प्रेमचंद के आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित करने की परियोजना में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कर कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा घाटों के पुनर्विकास एवं अस्सी घाट के जीर्णोद्धार कार्यों में तेजी लाने को कहा।
समीक्षा के दौरान सारनाथ पर्यटक आवास गृह एवं परेड कोठी स्थित टूरिस्ट बंगलो में पर्यटक सुविधाओं के विस्तार संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने धमेख स्तूप पर प्रस्तावित लाइट एंड शो परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराने तथा पर्यटकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कपिल धारा मंदिर, गुरुधाम मंदिर, नागा बाबा मंदिर एवं नमो घाट पर सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पीए सिस्टम और स्टेज लाइटिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा हुई। पर्यटन संगठनों के प्रतिनिधियों ने ई-रिक्शा एवं टोटो संचालन को व्यवस्थित करने, गंगा में नाव संचालन व्यवस्था में सुधार तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर किराया सूची प्रदर्शित करने की मांग रखी।
जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर मादक पदार्थों के सेवन पर रोक लगाने के लिए जागरूकता एवं चेतावनी बोर्ड लगाने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वाटर एटीएम, वाटर कूलर और शेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार सिंह, यूपी पीसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
