Varanasi News: जनता दर्शन में सख्त दिखे डीएम सत्येन्द्र कुमार, गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का संवेदनशीलता एवं समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए बार-बार जिला एवं तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने अथवा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें तथा गंभीर एवं जटिल मामलों का मौके पर पहुंचकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा करने, लंबित प्रकरणों में स्वयं शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करने तथा सभी मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
