×

Varanasi News: पेट्रोल-डीजल और गैस कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

Varanasi News: पेट्रोल-डीजल और गैस कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

वाराणसी। पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस स्थित जिला मुख्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा और पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने की, जबकि नेतृत्व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेसजनों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन, खाद्य सामग्री, खेती-किसानी और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसका सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों, छात्रों और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है।

जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और जनविरोधी फैसलों के कारण देश की जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेट्रोलियम पदार्थों पर टैक्स बढ़ाकर जनता से जबरन वसूली कर रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद आम लोगों को राहत नहीं मिल रही।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल तक हर जरूरी वस्तु आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली जाती, कांग्रेस पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन में सजीव सिंह, सतनाम सिंह, राजू गौतम, अशोक सिंह, गिरीश पांडेय, राजीव राम, दिलीप चौबे, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, विनोद सिंह, राज खां, अनुराधा यादव, राजेश त्रिपाठी, हसन मेहदी कब्बन, खालिद सिद्दीकी, पूनम विश्वकर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story