Varanasi News: ईंट भट्ठा संचालकों को मिली राहत, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
प्रशासन और भट्ठा संचालकों के बीच बैठक, समस्याओं के समाधान पर सहमति
वाराणसी। ईंट निर्माता एसोसिएशन वाराणसी के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी सदर वाराणसी से मुलाकात कर ईंट उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन द्वारा खनन कार्य एवं मिट्टी परिवहन में आ रही दिक्कतों से प्रशासन को अवगत कराया गया, जिस पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही शुरू करने का आश्वासन दिया।
उप जिलाधिकारी सदर वाराणसी ने एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि आगे खनन कार्य और मिट्टी परिवहन से संबंधित किसी प्रकार की अनावश्यक समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल के बाद ईंट भट्ठा संचालकों एवं उद्योग से जुड़े श्रमिकों में राहत का माहौल देखने को मिला।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और त्वरित समाधान की दिशा में कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ईंट उद्योग हजारों परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है और प्रशासन के सहयोग से उद्योग का संचालन सुचारु रूप से जारी रह सकेगा।
इस दौरान एसोसिएशन अध्यक्ष हरिशंकर सिंह (मुन्ना), लाल जी पाण्डेय, अजीत सिंह, हरिओम सिंह, पंकज सिंह, बाबू सिंह, राहुल सिंह, चंदन सिंह, किशन जायसवाल, नंदलाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
