Varanasi News: शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ा खुलासा, गाजीपुर का विनय राय वाराणसी से गिरफ्तार
वाराणसी। पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने गाजीपुर निवासी विनय राय को वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक आरोपी झारखंड में रहकर हत्या की साजिश रच रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
जांच एजेंसी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 6 मई 2026 को चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में बलिया निवासी शूटर राजकुमार सिंह का नाम सामने आया था। सीबीआई की जांच में पता चला कि कोयला कारोबार से जुड़े विनय राय ने पूरी साजिश तैयार की थी।
वाराणसी से हुई गिरफ्तारी
सीबीआई को सूचना मिली थी कि विनय राय वाराणसी के कैंट क्षेत्र में छिपा हुआ है और रेलवे स्टेशन की ओर भागने की फिराक में है। इसके बाद टीम ने पुलिस लाइन के पास दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कैंट थाने लाया गया, जहां मेडिकल परीक्षण के बाद उसे अदालत में पेश किया गया।
सीबीआई ने अदालत से ट्रांजिट रिमांड की मांग करते हुए कहा कि पूछताछ के लिए आरोपी को कोलकाता ले जाना जरूरी है। अदालत ने एजेंसी की अर्जी स्वीकार करते हुए आरोपी को 21 मई की शाम तक संबंधित न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया है।
व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े थे कई युवक
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि शूटर राजकुमार सिंह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ा था, जिसमें 10 से 12 गांवों के 25 से 40 वर्ष के कई युवक शामिल थे। सीबीआई को पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और अब अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
गाजीपुर पुलिस के अनुसार विनय राय का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह 2017 में हुए दूध विक्रेता नन्हकू यादव हत्याकांड का आरोपी है। इसके अलावा जमानिया कोतवाली में हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।
सीबीआई अब इस पूरे नेटवर्क और हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
