×

Varanasi News: काशी विद्यापीठ में डिप्लोमा और प्रोफेशनल कोर्स के लिए आवेदन शुरू

Varanasi News: काशी विद्यापीठ में डिप्लोमा और प्रोफेशनल कोर्स के लिए आवेदन शुरू

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म अपलोड कर दिए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों को आवेदन करने से पहले प्रवेश विवरणिका ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है। आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जाएगा। फीस जमा करने की अंतिम तिथि 10 मई निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है।

विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न डिप्लोमा और प्रोफेशनल कोर्स में भी प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध विवरणिका में कोर्स, सीट संख्या और फीस संबंधी जानकारी दी गई है।

डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के अंतर्गत कन्नड़, ड्रामा, संगीत, नृत्य और कर्मकांड सहित 14 कोर्स संचालित किए जाएंगे। वहीं पीजी डिप्लोमा कोर्स में फैशन डिजाइनिंग, स्पोकन इंग्लिश, फ्रेंच और जर्मन भाषा जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन कोर्सों के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 1050 रुपये तथा एससी-एसटी वर्ग को 950 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।

व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में बीपीएड, एमपीएड, एमएड, बीएएलएलबी, एलएलबी, एलएलएम, बीसीए, पीजीडीसीए और बीबीए जैसे कोर्स शामिल हैं। बीपीएड, एमपीएड और एमएड में 55 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि एलएलबी, बीएएलएलबी और बीबीए में 66 सीटों पर प्रवेश होगा। इन कोर्सों के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 1150 रुपये तथा एससी-एसटी वर्ग को 1050 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, दोनों श्रेणियों के पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग 1 जुलाई से 31 जुलाई तक कराई जाएगी। प्रवेश सेल की उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के आवेदन समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भरे जा सकते हैं।

Share this story