×

Varanasi News: आनंदीबेन पटेल और योगी आदित्यनाथ का वाराणसी दौरा, काशी विश्वनाथ धाम में किया जलाभिषेक

Varanasi News: आनंदीबेन पटेल और योगी आदित्यनाथ का वाराणसी दौरा, काशी विश्वनाथ धाम में किया जलाभिषेक

सोमनाथ मंदिर से लाए गए जल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक, ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ में किया ‘ॐ’ का जाप

 

 वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां दोनों ने बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

मंदिर पहुंचने पर स्कूल की छात्राओं ने शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्यमंत्री और राज्यपाल का स्वागत किया। इस दौरान राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, मंत्री अनिल राजभर, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Varanasi News: आनंदीबेन पटेल और योगी आदित्यनाथ का वाराणसी दौरा, काशी विश्वनाथ धाम में किया जलाभिषेक

सोमनाथ और काशी विश्वनाथ भारत की आत्मा के प्रतीक: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोमनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम भारत की सनातन संस्कृति, आस्था और आत्मबल के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने सोमनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम जैसे धार्मिक स्थलों को कई बार निशाना बनाया, लेकिन सनातन संस्कृति को कभी समाप्त नहीं किया जा सका।

सीएम योगी ने कहा कि करीब एक हजार वर्ष पहले महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर कई बार हमला किया और उसके वैभव को नष्ट करने की कोशिश की, लेकिन भारत की सांस्कृतिक चेतना आज भी उतनी ही मजबूत है। उन्होंने कहा कि विनाश क्षणिक होता है, जबकि सृजन शाश्वत होता है।

तीन घंटे तक विश्वनाथ धाम में रहे मुख्यमंत्री और राज्यपाल

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री और राज्यपाल करीब तीन घंटे तक काशी विश्वनाथ धाम में मौजूद रहे। इस दौरान दोनों ने गर्भगृह में षोडशोपचार पूजन किया और बाबा की भोग आरती में भी शामिल हुए।

इसके बाद त्रयंबकेश्वर सभागार में आयोजित ‘श्रीसोमनाथ संकल्प पूजन’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बीएचयू के छात्रों द्वारा तैयार सोमनाथ की प्रतिकृति पार्थिव ज्योतिर्लिंग की स्थापना कर जलाभिषेक और विशेष पूजन किया गया।

कार्यक्रम में सोमनाथ संकल्प का सामूहिक पाठ भी कराया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने संकल्प वाचन किया और उपस्थित श्रद्धालुओं ने उसका सामूहिक अनुच्चारण किया।

Varanasi News: आनंदीबेन पटेल और योगी आदित्यनाथ का वाराणसी दौरा, काशी विश्वनाथ धाम में किया जलाभिषेक

मंदिर परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा

वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मंदिर के प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी भी लागू की गई। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के अनुसार वीवीआईपी मूवमेंट से तीन घंटे पहले बड़े वाहनों के लहुराबीर-मैदागिन मार्ग पर प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी।

इसके अलावा गोदौलिया, मलदहिया, विशेश्वरगंज और मरीमाई तिराहे पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहा। पुलिस ने लोगों से सहयोग और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की।

Share this story