×

Varanasi News: बंगाल में भाजपा की जीत के बाद बाबा धाम पहुंचे सांसद रवि किशन

Varanasi News: बंगाल में भाजपा की जीत के बाद बाबा धाम पहुंचे सांसद रवि किशन
 काशी पहुंचे रवि किशन, बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका माथा; बोले- जनता ने विपक्ष को दंड दिया
 

Varanasi News: रवि किशन पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद गुरुवार देर शाम वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।

मंदिर पहुंचने पर समर्थकों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समर्थकों ने उनके साथ फोटो और सेल्फी भी ली।

विधि-विधान से किया बाबा का पूजन

रवि किशन ने मंदिर में विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा की जीत को जनता की जीत बताया।

उन्होंने कहा कि देश की जनता अब विकास, राष्ट्रवाद और सुशासन की राजनीति को समर्थन दे रही है। पश्चिम बंगाल की जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान कर स्पष्ट संदेश दिया है कि तुष्टिकरण और भय की राजनीति ज्यादा दिन तक नहीं चल सकती।

विपक्ष पर बोला हमला

विपक्ष पर निशाना साधते हुए रवि किशन ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल लोगों को बांटने और भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और जनता भाजपा की नीतियों पर भरोसा जता रही है। चुनाव परिणामों के जरिए जनता ने विपक्षी दलों को करारा जवाब दिया है।

समर्थकों में दिखा उत्साह

काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में रवि किशन के आगमन को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। दर्शन के दौरान पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंजता रहा।

Share this story