Varanasi News: 20 दिन बाद फिर गरजा बुलडोजर, 150 सुरक्षाकर्मी तैनात, मस्जिद के आसपास बढ़ाई गई निगरानी
Varanasi News: Dalmandi में चौड़ीकरण परियोजना के तहत करीब 20 दिनों बाद शनिवार को एक बार फिर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू हुआ। सुबह से ही इलाके में प्रशासनिक हलचल तेज रही और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की तैयारी की गई। मस्जिद के आसपास भीड़ अधिक होने के कारण वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई और करीब 150 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस चरण में कुल 43 भवनों को गिराया जाना है। भवन स्वामियों को शुक्रवार को अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया था, जबकि इससे पहले मुनादी कराकर लोगों को मकान और दुकानें खाली करने के निर्देश दिए गए थे।
शनिवार सुबह से ही दालमंडी इलाके में सन्नाटा पसरा रहा। ध्वस्तीकरण की आशंका के चलते ज्यादातर दुकानों के शटर बंद रहे। स्थानीय व्यापारियों और मकान मालिकों में कार्रवाई को लेकर चिंता और असमंजस का माहौल देखने को मिला। सुबह 10 बजे से बुलडोजर कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों के चलते दोपहर बाद अभियान शुरू हो सका।
मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। लोक निर्माण विभाग की ओर से चिन्हित भवनों को तत्काल खाली करने का निर्देश दिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रभावित लोगों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं और ध्वस्तीकरण पूरी तरह नियमानुसार किया जा रहा है।
प्रशासन का दावा है कि चौड़ीकरण परियोजना पूरी होने के बाद दालमंडी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी। परियोजना के तहत अब तक 181 भवनों में से 61 भवनों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 39 करोड़ रुपये का मुआवजा प्रभावितों को वितरित किया जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक अगले तीन दिनों के भीतर 43 चिन्हित भवनों के ध्वस्तीकरण का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें सामान और संपत्तियां सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई जनहित और यातायात सुधार के उद्देश्य से तय समयसीमा में पूरी कराई जाएगी।
