Varanasi News: नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में गुमशुदा और अपहृताओं की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहनियां थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृता किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द कुमार उर्फ बाबू पुत्र जुगनू निवासी ग्राम बच्छाँव, थाना रोहनियां के रूप में हुई है। आरोपी को मिर्जामुराद क्षेत्र के कछवां बाईपास से गिरफ्तार किया गया।
नाबालिग बेटी के अपहरण की दर्ज हुई थी शिकायत
मामले में पीड़िता के पिता ने थाना रोहनियां में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी किशोरी के साथ कछवां बाईपास क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही रोहनियां थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक अमित सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र राजपूत समेत रोहनियां थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
