Varanasi News: इंस्टाग्राम पर फर्जी कपड़ों की दुकान बनाकर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी CY-Vazra (साइबर वज्र) अभियान के तहत वाराणसी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम के माध्यम से ऑनलाइन कपड़ों की बिक्री का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आकर्षक विज्ञापन पोस्ट करता था और ग्राहकों से एडवांस भुगतान प्राप्त करने के बाद न तो सामान भेजता था और न ही रुपये वापस करता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्तेयाक एनहुसैन (41 वर्ष) निवासी मदनपुरा, थाना जैतपुरा, वाराणसी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा ₹25,500 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर कपड़ों की बिक्री के विज्ञापन प्रसारित करता था। विज्ञापन से प्रभावित होकर ग्राहक जब उससे संपर्क करते थे तो वह उनसे एडवांस भुगतान करवा लेता था। भुगतान प्राप्त होने के बाद आरोपी सामान की आपूर्ति नहीं करता था और ग्राहकों का संपर्क भी बंद कर देता था। इस तरीके से उसने कई लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया।
इस संबंध में साइबर क्राइम थाना वाराणसी में मुकदमा संख्या 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, जिससे ठगी से जुड़े अन्य मामलों तथा संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा सके।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (अपराध) नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) नृपेन्द्र तथा सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर क्राइम) विनय द्विवेदी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना की विशेष टीम द्वारा की गई।
