वाराणसी में नंदीरथ सेवा का होगा विस्तार! अब सोनारपुरा, कैंट और रथयात्रा तक मिलेगी सुविधा, जानें किराया
वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वाराणसी नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत संचालित नंदीरथ (इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट) सेवा का जल्द ही विस्तार किया जाएगा।
अब यह सुविधा केवल काशी विश्वनाथ मंदिर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सोनारपुरा, रथयात्रा, कैंट, बीएचयू और छावनी जैसे प्रमुख क्षेत्रों तक भी पहुंचाई जाएगी।
फिलहाल बेनियाबाग, मैदागिन और गोदौलिया से काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 तक 25 नंदीरथ संचालित किए जा रहे हैं। स्मार्ट सिटी की योजना के तहत चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद इनकी संख्या और रूट दोनों बढ़ाए जाएंगे।
क्या है नंदीरथ सेवा?
नंदीरथ पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा है, जिसे काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू किया गया है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस सेवा का विस्तार किया जा रहा है।
जानिए कितना है किराया
मैदागिन से गेट नंबर 4 (काशी विश्वनाथ धाम) ₹10,गोदौलिया से गेट नंबर 4 ₹10, मैदागिन गेट नंबर 4 गोदौलिया ₹20, बेनियाबाग से काशी विश्वनाथ धाम ₹20, वहीं 5 वर्ष तक के बच्चों, दिव्यांगजनों और 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।
सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक मिलेगी सुविधा
नंदीरथ सेवा वर्तमान में सुबह 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक संचालित की जा रही है। जिन स्थानों पर सुरक्षा कारणों से ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहती है, वहां श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा काफी उपयोगी साबित हो रही है।
6 और 9 सीट वाले दो प्रकार के नंदीरथ
वर्तमान में दो प्रकार के नंदीरथ चलाए जा रहे हैं। एक में 6 यात्रियों और दूसरे में 9 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। आने वाले समय में यात्रियों की संख्या को देखते हुए और अधिक वाहन शामिल किए जाएंगे।
नगर आयुक्त ने क्या कहा?
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि स्मार्ट सिटी की निगरानी में अभी 25 नंदीरथ संचालित हो रहे हैं। नए चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी और सेवा का विस्तार शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराया जा सके।
