काशी के आसमान में गूंजेगी राफेल की गर्जना, नमो घाट पर होगा भव्य एयर शो
वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी इस वर्ष एक और ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में नमो घाट पर भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो आयोजित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस एयर शो में राफेल, तेजस, सी-295, रुद्र हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम सहित 50 से अधिक विमान अपने साहस, शौर्य और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज में सफल आयोजन के बाद अब वाराणसी के नमो घाट को एयर शो के लिए चुना गया है। भारतीय वायुसेना और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा प्रशासन के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है। एयरपोर्ट और नमो घाट पर तैयारियों का खाका तैयार कर लिया गया है।
वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि एयर शो को लेकर प्रारंभिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर से सूर्यकिरण टीम के नौ विमान वाराणसी एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे। शो से पहले पांच दिनों तक इन विमानों द्वारा अभ्यास किया जाएगा और इन्हें एयरपोर्ट के विशेष हैंगर में रखा जाएगा।
एयर शो की सबसे बड़ी विशेषता भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों का समन्वित प्रदर्शन होगा। अलग-अलग एयरबेस और एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमान निर्धारित समय पर नमो घाट के ऊपर एक साथ पहुंचकर रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। लगभग ढाई घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में हजारों दर्शकों के जुटने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि तथा विशिष्ट अतिथि शामिल हो सकते हैं। हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक रूपरेखा अभी जारी नहीं की गई है।
वाराणसी एयरपोर्ट के विस्तार कार्य के बीच आयोजित होने वाला यह एयर शो पूर्वांचल के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं को भारतीय वायुसेना की क्षमता और पराक्रम को करीब से देखने का अवसर भी मिलेगा।
एयर शो को लेकर शहरवासियों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है। नमो घाट पर होने वाला यह आयोजन काशी के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने वाला माना जा रहा है।
