Varanasi Kali Visarjan 2026: काशी में मां काली के विसर्जन में उमड़ा जनसैलाब, चार किलोमीटर की यात्रा में लगे सात घंटे
वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी काशी में शुक्रवार को मां काली की विदाई के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। नवसंघ की ओर से स्थापित मां काली की प्रतिमा की विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढाक की गूंजती थाप, शंखध्वनि और मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। मां की विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और भक्तों ने अगले वर्ष फिर आगमन की कामना की।

मां काली की प्रतिमा की विदाई से पहले सुबह विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। दोपहर करीब दो बजे प्रतिमा को पंडाल से उतारकर वाहन पर विराजमान कराया गया। इसके बाद बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
शाम करीब 7:10 बजे मदनपुरा से मां काली की विसर्जन यात्रा शुरू हुई। यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मदनपुरा से गोदौलिया होते हुए मैदागिन तक रास्ते भर भक्त मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। भीड़ और श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगभग चार किलोमीटर की दूरी तय करने में सात घंटे से अधिक का समय लगा।

रात करीब नौ बजे मां काली की प्रतिमा गोदौलिया चौराहे पर पहुंची। यहां प्रतिमा की सात परिक्रमा कराई गई। इसके बाद विसर्जन यात्रा मैदागिन की ओर रवाना हुई। रात करीब 10:30 बजे प्रतिमा मंदाकिनी कुंड पहुंची, जहां आरती और पूजन के बाद विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया। ढाक की थाप और जयकारों के बीच मां को विदाई देते समय श्रद्धालु भावुक नजर आए।

सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
विसर्जन यात्रा में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एडीसीपी वैभव बांगर के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में आठ इंस्पेक्टर, पांच थानों की पुलिस फोर्स, तीन एसीपी, चार प्रभारी अधिकारी और आरआरएफ की टीम के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। यात्रा के दौरान भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों के साथ थ्रेड ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
नवसंघ स्पोर्टिंग क्लब की यह धार्मिक परंपरा काशी की सांस्कृतिक विरासत और बंगीय संस्कृति से जुड़ी हुई है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त किया। नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों और पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से विसर्जन कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ।
