×

वाराणसी में अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 501.5 किलो पटाखों के साथ तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी में अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 501.5 किलो पटाखों के साथ तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी। दीपावली से पहले वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गोमती जोन के सिंधोरा बाजार में पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 501.5 किलोग्राम अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मौके से रफीक नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान के निर्देश पर की गई। पुलिस टीम ने सिंधोरा बाजार में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। बरामद सामग्री का कुल वजन 501.5 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पटाखों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

कार्रवाई में थाना सिंधोरा पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम शामिल रही। थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय, सिंधोरा चौकी प्रभारी रोशन सिंह और उपनिरीक्षक दीप्ति शर्मा ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, एसओजी-02 प्रभारी पंकज सिंह चौहान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल बृज बिहारी ओझा तथा कांस्टेबल आशीष कुमार सिंह, आशुतोष सिंह और गौरव भारती भी कार्रवाई में शामिल रहे।

त्योहारी सीजन में पटाखों की मांग बढ़ने के साथ अवैध भंडारण और बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में पटाखे रखने से आग लगने या विस्फोट जैसी घटना का खतरा बना रहता है।

डीसीपी नीतू कादयान ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की ओर से अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार पर निगरानी रखी जा रही है।

Share this story