बड़ी खबर: सारनाथ विस्फोट के बाद वाराणसी में मिला विस्फोटक का बड़ा जखीरा! लगभग 200 कुंतल माल पकड़ाया
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर चौकी अंतर्गत जालपा देवी मार्ग स्थित दीनानाथ गोला में एक गोदाम से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने की सूचना सामने आई है।
बताया जा रहा है कि गोदाम से सामग्री निकालने की कार्रवाई करीब चार से पांच घंटे तक चली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद सामग्री की कुल मात्रा लगभग 200 क्विंटल होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

इसके अलावा, सात बोरियों में अमोनियम नाइट्रेट मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, बरामदगी की कुल मात्रा और सामग्री की प्रकृति की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। अमोनियम नाइट्रेट के साथ ही चारकोल, एल्युमिनियम पाउडर भी बरामद हुआ हूं।

दीनानाथ गोला स्थित गोदाम में चली कई घंटे तक कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, जालपा देवी मार्ग के दीनानाथ गोला इलाके में स्थित गोदाम से सामग्री निकालने का काम लगातार कई घंटे तक किया गया। शुरुआती सूचना में गोदाम के मालिक का नाम राजू गुप्ता बताया जा रहा है। इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सात बोरियों में अमोनियम नाइट्रेट मिलने की सूचना
इस मामले में सात बोरियों में अमोनियम नाइट्रेट मिलने की बात कही जा रही है। अमोनियम नाइट्रेट का उपयोग विभिन्न औद्योगिक और कृषि संबंधी कार्यों में होता है, लेकिन इसका भंडारण और इस्तेमाल निर्धारित नियमों के तहत किया जाना आवश्यक है। बरामद सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी और उसके भंडारण से जुड़े आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

जांच के बाद स्पष्ट होंगी कई अहम बातें
इस बरामदगी के बाद गोदाम में रखी सामग्री की वास्तविक मात्रा, उसके स्रोत, भंडारण की वैधता और संबंधित दस्तावेजों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल इन बिंदुओं पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना जरूरी है।
नोट: इस खबर में दी गई मात्रा, अमोनियम नाइट्रेट की बरामदगी और गोदाम के मालिक से संबंधित विवरण शुरुआती सूचना पर आधारित हैं।
