×

प्रेमी के साथ पकड़ी गई युवती, फिर हुआ ऐसा कि तीसरी मंजिल से लगा दी छलांग; वाराणसी की घटना से सनसनी

प्रेमी के साथ पकड़ी गई युवती, फिर हुआ ऐसा कि तीसरी मंजिल से लगा दी छलांग; वाराणसी की घटना से सनसनी
 वाराणसी में प्रेम संबंध का दुखद अंत, युवती ने तीन मंजिला मकान से कूदकर दी जान

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नगवा इलाके में प्रेम संबंध को लेकर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। प्रेमी के साथ घूमकर लौट रही युवती को परिजनों ने देख लिया, जिसके बाद हुए विवाद से आहत होकर युवती ने तीन मंजिला मकान से छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान नगवा निवासी कशिश (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका मोहल्ले के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जाति से होने के कारण परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे और युवती को युवक से दूर रहने की सलाह देते थे।

मंगलवार दोपहर कशिश अपने प्रेमी के साथ नगवा पार्क से घूमकर लौट रही थी। इसी दौरान परिजनों ने दोनों को देख लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिजन युवती को अपने साथ घर ले जाने लगे, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग गई और पास के एक तीन मंजिला मकान पर चढ़ गई।

कुछ ही देर बाद युवती ने मकान की ऊपरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतका के पिता राजकुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक संजय कुमार साहिनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका अपने माता-पिता की सबसे बड़ी संतान थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Share this story