×

Varanasi Flood Alert: काशी में उफान पर गंगा, जलस्तर बढ़ने से घाटों पर अलर्ट

Varanasi Flood Alert​​​​​​​: काशी में उफान पर गंगा, जलस्तर बढ़ने से घाटों पर अलर्ट
 काशी में उफान पर गंगा-वरुणा, गंगा का जलस्तर 24 सेंटीमीटर बढ़ा; जल पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

वाराणसी। लगातार हो रही बारिश का असर अब वाराणसी की नदियों पर साफ दिखाई देने लगा है। गंगा और वरुणा दोनों नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार बुधवार को गंगा का जलस्तर 24 सेंटीमीटर बढ़कर 61.76 मीटर पर पहुंच गया, जबकि वरुणा नदी का जलस्तर बढ़कर 69.21 मीटर दर्ज किया गया। वरुणा अब खतरे के निशान से मात्र 1.05 मीटर नीचे रह गई है, जिससे तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

आयोग के अनुसार वरुणा नदी का जलस्तर लगभग 10 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। वहीं गंगा के जलस्तर में भी प्रति घंटे लगभग 2 से 3 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि गंगा का जलस्तर अभी खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन लगातार हो रही बढ़ोतरी प्रशासन की चिंता बढ़ा रही है।

जलस्तर बढ़ने के कारण घाटों के किनारे स्थित कई छोटे मंदिरों तक पानी पहुंच गया है। अहिल्याबाई घाट स्थित जुगल रुक्मणी मंदिर के कपाट एहतियातन बंद कर दिए गए हैं। गंगा में बड़ी मात्रा में जलकुंभी बहकर आने से नाव संचालन भी प्रभावित हो रहा है। बढ़े हुए जलस्तर के चलते श्रद्धालु और पर्यटक छोटी नावों की बजाय बड़ी नावों का सहारा ले रहे हैं।

स्थिति को देखते हुए जल पुलिस ने सभी प्रमुख घाटों पर निगरानी बढ़ा दी है। दशाश्वमेध जल पुलिस प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि सुबह से शाम तक जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। नाविकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही श्रद्धालुओं से भी गंगा में स्नान और नौका विहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Share this story