×

Varanasi Encounter News: शिवपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, शातिर चेन स्नैचर बादल साहनी के पैर में लगी गोली

 Varanasi Encounter News: शिवपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, शातिर चेन स्नैचर बादल साहनी के पैर में लगी गोली

Varanasi News: शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर चेन स्नैचर गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के रुपये और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर वह भागने लगा।

घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश की पहचान

घायल बदमाश की पहचान बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी निवासी किरहिया थाना भेलूपुर वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा .15 बोर, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, 3630 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की गई।

महिला से चेन लूट की वारदात कबूली

पूछताछ में बादल साहनी ने बताया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल 2026 को शिवपुर स्थित विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला के गले से चेन लूटी थी। घटना के बाद दोनों आरोपी सेंट्रल जेल रोड की तरफ फरार हो गए थे।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि लूटी गई चेन को ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और मिले पैसों में से कुछ रकम नशे में खर्च कर दी गई। उसने यह भी स्वीकार किया कि वारदात के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल किया जाता था और दोनों क्षेत्र में फिर से लूट की योजना बना रहे थे।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 0196/2026 के तहत धारा 309(4), 317(2), 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।

इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, अनिकेत श्रीवास्तव, गौरव सिंह, विद्यासागर सहित पुलिस टीम रही। पुलिस ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य एकत्र कर फील्ड यूनिट की सहायता से जांच शुरू कर दी है।

Share this story