फार्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी में सुस्ती पर वाराणसी डीएम सख्त, 30 जुलाई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उपायुक्त श्रम रोजगार तथा जनपद के सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवशेष किसानों की सूची तत्काल सभी खंड विकास अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि पंचायत सहायकों के माध्यम से प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण कराते हुए 30 जुलाई तक अभियान हर हाल में पूर्ण किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि पंचायत सहायकों का मानदेय जारी करने से पूर्व उनके द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, जिससे कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों का नियमानुसार मुख्यमंत्री आवास योजना में समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) के गठन की धीमी प्रगति पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए समूह गठन अभियान में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।
