वाराणसी मंडल रेल प्रशासन ने महिला रेलकर्मियों के लिए किया प्रेरणादायक भ्रमण आयोजन

वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल अपने कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। इसी क्रम में कर्मचारी हित निधि के माध्यम से महिला रेलकर्मियों के लिए एक विशेष दो दिवसीय पर्यटन भ्रमण का आयोजन किया गया।
यह भ्रमण 11 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2025 तक आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों की 33 महिला रेलकर्मियों ने हिस्सा लिया। यह दल अयोध्या धाम रवाना हुआ, जहां उन्होंने राम जन्मभूमि, हनुमान गढ़ी, कनक भवन, दशरथ महल, सरयू घाट, राम की पौड़ी और लता मंगेशकर चौक जैसे प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में टीम भावना, कार्यकुशलता और सामूहिक सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था। साथ ही प्रतिभागियों को देश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराना भी इस पहल का अहम हिस्सा रहा।
रेल प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के शिविर न केवल कर्मचारियों में मानसिक दृढ़ता और शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें मिलजुलकर कार्य करने, सीमित संसाधनों में बेहतर प्रदर्शन करने और प्रतिकूल परिस्थितियों में धैर्य व साहस बनाए रखने की प्रेरणा भी देते हैं।
इस भ्रमण दल का नेतृत्व सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी विरेन्द्र यादव ने किया। उनके साथ मुख्य हित निरीक्षक युगेश कुमार मल्ल, सुरेश प्रसाद सिंह और शिवम कुमार भी उपस्थित रहे।
रेल प्रशासन ने इस पहल को भविष्य में और अधिक कर्मचारियों तक विस्तारित करने का संकल्प व्यक्त किया है, ताकि कार्यस्थल के साथ-साथ कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास और मानसिक संतुलन को भी प्रोत्साहन मिल सके।