×

कोरोना ने फिर से दी दस्तक! 2 साल का मासूम कोविड पॉजिटिव, रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता...

 कोरोना ने फिर से दी दस्तक! 2 साल का मासूम कोविड पॉजिटिव, रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता...
बुखार और सांस लेने में तकलीफ के बाद निजी अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों ने माता-पिता की जांच कराने की भी दी सलाह

वाराणसी। वाराणसी में एक बार फिर कोरोना वायरस (COVID-19) ने दस्तक दे दी है। हाल ही में 27 वर्षीय युवक और बलिया के एक मरीज के संक्रमित मिलने के बाद अब चंदौली निवासी 2 वर्षीय मासूम की RT-PCR जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्चे का इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसे अलग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

बुखार और सांस लेने में दिक्कत के बाद हुई जांच

जानकारी के अनुसार, बच्चे को तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक उपचार के बावजूद स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने RT-PCR जांच कराई, जिसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।

डॉक्टरों ने दी यह जानकारी

बच्चे का उपचार कर रहे डॉ. आलोक भारद्वाज ने बताया कि भर्ती के समय बच्चे की हालत सामान्य नहीं थी। लगातार बुखार और सांस लेने में दिक्कत को देखते हुए कोविड जांच कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बच्चे को तुरंत आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है, हालांकि बुखार में उतार-चढ़ाव होने के कारण डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

माता-पिता की जांच की भी सलाह

चिकित्सकों ने बच्चे के माता-पिता को भी कोविड जांच कराने की सलाह दी है, ताकि संक्रमण की स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके और आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा सकें।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की अपील

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि बुखार, खांसी, जुकाम, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न करें। तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें और आवश्यकता पड़ने पर कोविड जांच कराएं।

Share this story