×

छठ पूजा के बाद काशी के 84 घाटों पर पसरा 20.28 क्विंटल कचरा, 700 सफाईकर्मियों ने 8 घंटे में चमकाए घाट

छठ पूजा के बाद काशी के 84 घाटों पर पसरा 20.28 क्विंटल कचरा, 700 सफाईकर्मियों ने 8 घंटे में चमकाए घाट

वाराणसी। छठ पूजा के बाद काशी के गंगा घाटों पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पूजा के बाद गंगा के 84 घाटों पर कुल 20.28 क्विंटल कचरा एकत्र किया गया।

 

इसमें 9.20 क्विंटल फूल-माला और करीब 11.08 क्विंटल प्लास्टिक की बोतलें, कपड़े तथा अन्य कचरा शामिल रहा। घाटों की सफाई के लिए नगर निगम के 700 सफाईकर्मियों को लगाया गया। सोमवार सुबह सात बजे शुरू हुआ अभियान दोपहर तीन बजे तक चला। करीब आठ घंटे की मेहनत के बाद घाटों की सफाई पूरी कराई गई।

 

नगर निगम के अनुसार, छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और पूजा सामग्री के कारण घाटों पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक कचरा जमा हो गया था। आम दिनों में गंगा घाटों से प्रतिदिन लगभग आठ से दस क्विंटल कचरा निकलता है। त्योहार के बाद इसकी मात्रा बढ़ने पर सफाई के लिए विशेष व्यवस्था की गई।

 

आठ किलोमीटर के दायरे में उतारी गई सफाई टीम

प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव ने बताया कि गंगा के करीब आठ किलोमीटर के दायरे में आने वाले घाटों की सफाई के लिए 700 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।

फूल-माला और पूजा से जुड़ी सामग्री को एकत्र करने के लिए अलग टीम बनाई गई, जबकि प्लास्टिक, कपड़े और अन्य कचरा उठाने की जिम्मेदारी अलग कर्मचारियों को दी गई। एकत्रित कचरे का निस्तारण नाव के माध्यम से कराया गया।

 

पूजा के दौरान भी चलती रही सफाई

नगर निगम की ओर से छठ पूजा के दौरान भी घाटों पर सफाई जारी रखी गई थी। इसके लिए हैंड पिकिंग के जरिए कर्मचारियों ने लगातार कचरा उठाया। श्रद्धालुओं को गंगा में कूड़ा और पूजा सामग्री नहीं फेंकने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से घाटों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे। हालांकि, कुछ शरारती तत्वों ने इन बोर्डों को उखाड़कर गंगा में फेंक दिया।

गंगा से फूल-माला निकालने के लिए चली मशीन

गंगा में विसर्जित फूल-माला और पूजा सामग्री को बाहर निकालने के लिए ट्रेस स्कीमर मशीन का इस्तेमाल किया गया। यह मशीन नदी की सतह पर तैर रहे फूल, माला, दोने-पत्तल, खरपतवार और अन्य अपशिष्ट को एकत्र करती है। इसके जरिए पानी की ऊपरी सतह के साथ करीब पांच फीट नीचे मौजूद कचरे को भी निकालने की व्यवस्था की गई।

अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि घाटों की सफाई के लिए नगर निगम की टीम 14 नवंबर की रात से ही जुटी हुई थी। 16 नवंबर की दोपहर तक सफाई अभियान चलाया गया। गंगा आरती शुरू होने से पहले सभी घाटों को साफ करा दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ घाटों का माहौल मिल सके।

Share this story