×

घर के बाहर भाजपा बूथ अध्यक्ष पर हमला, लात-घूंसों से पीटा; जान से मारने की धमकी

varanasi-bjp-booth-president-assault-jangambari

वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के जंगमबाड़ी में भाजपा बूथ अध्यक्ष के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रंजिश के चलते एक युवक ने घर के बाहर उन पर हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। घटना में बूथ अध्यक्ष के चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

गणेश महाल निवासी अनुज शुक्ला जंगमबाड़ी के भाजपा बूथ अध्यक्ष हैं। वह अपने घर पर दोना-पत्तल की दुकान भी चलाते हैं। अनुज के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे वह ई-रिक्शा से दुकान का सामान उतरवाकर घर के अंदर रख रहे थे। इसी दौरान सन्नी यादव वहां पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा।

अनुज ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर ने उन्हें लात-घूंसों से पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चला गया। हमले में अनुज के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं।

घटना के बाद पीड़ित ने दशाश्वमेध थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सन्नी यादव के खिलाफ मारपीट, आपराधिक धमकी समेत अन्य संबंधित आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this story