×

इबोला वायरस को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की हो रही विशेष जांच

इबोला वायरस को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की हो रही विशेष जांच

इबोला वायरस को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट पर अलर्ट, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सख्त जांच

 

वाराणसी। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की चेतावनी और केंद्र सरकार के निर्देश के बाद एयरपोर्ट प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आने वाले यात्रियों की विशेष जांच और थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।

एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (APHO) की टीम एयरपोर्ट पर लगातार निगरानी कर रही है। विदेशों से आने वाले सभी यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ उनकी पिछले 21 दिनों की ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित संक्रमित व्यक्ति की पहचान समय रहते की जा सके।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य टीमों की तैनाती बढ़ा दी गई है और संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर तत्काल मेडिकल जांच की व्यवस्था की गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि इबोला वायरस को लेकर जिले में स्वास्थ्य अलर्ट जारी कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन संयुक्त रूप से स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए निगरानी और जांच प्रक्रिया को और सख्त किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इबोला एक गंभीर वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैल सकती है। इसलिए एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ मेडिकल प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। फिलहाल वाराणसी में किसी भी इबोला संक्रमित मरीज की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। 

Share this story