×

वाराणसी एयर शो: राजघाट पुल पर तीन घंटे का प्रतिबंध, वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन

वाराणसी एयर शो: राजघाट पुल पर तीन घंटे का प्रतिबंध, वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन
एयर शो को लेकर यातायात व्यवस्था सख्त, राजघाट पुल पर दोपहर दो बजे तक पैदल आवाजाही पर रोक

 

वाराणसी। नमो घाट पर आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के एयर शो को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गुरुवार, 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक राजघाट पुल पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पड़ाव से नमो घाट के बीच पुल पर पैदल चलने की भी अनुमति नहीं होगी। एयर शो समाप्त होने के बाद ही आवाजाही बहाल की जाएगी।

एयर शो के मद्देनजर 22, 24 और 25 अक्टूबर को शहर में यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। इन तिथियों पर भारी मालवाहक वाहनों के साथ रोडवेज और निजी बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को रिंग रोड और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।

सामनेघाट-रामनगर पुल पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। यहां पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति दी गई है, जबकि तीन और चार पहिया वाहनों पर रोक रहेगी। वहीं, रिंग रोड स्थित गंगा पुल और विश्वसुंदरी पुल से वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।

काशी में आसमानी करतबों का महाकुंभ, 100 विमानों के साथ दिखेगा वायुसेना का दमखम

11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी संभालेंगे व्यवस्था

वाराणसी एयर शो: राजघाट पुल पर तीन घंटे का प्रतिबंध, वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन

एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, यातायात पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, 11,900 से अधिक अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहेंगे। इनमें पुलिस बल के साथ पीएसी, आरएएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एटीएस और जल पुलिस की टीमें भी शामिल हैं।

भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए क्षेत्र को अलग-अलग जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटा गया है। घाटों के आसपास सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। एयर शो क्षेत्र में अनधिकृत ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

Varanasi School Holiday: वाराणसी में 22 और 23 अक्टूबर को बंद रहेंगे सभी बोर्ड के स्कूल, कक्षा 12 तक के छात्रों को अवकाश

निर्धारित पार्किंग स्थलों का करें इस्तेमाल

एयर शो देखने आने वाले लोगों के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर पार्किंग और होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। प्रशासन ने दर्शकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जा सकता है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और प्रतिबंधों की जानकारी प्राप्त कर लें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता खाली रखने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई है।

Share this story