मुकदमा वापस लेने का दबाव, महिला को जान से मारने की धमकी, आरोपी पर केस दर्ज!
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र में न्यायालय में लंबित एक पुराने मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, छितनपुरा निवासी नेहा गुप्ता ने आदमपुर थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनके परिवार का सूर्य प्रताप यादव के साथ लंबे समय से न्यायालय में एक मामला विचाराधीन है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया और कहा कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। कथित धमकी से भयभीत होकर नेहा गुप्ता ने पुलिस से शिकायत की।
आदमपुर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सूर्य प्रताप यादव के खिलाफ धमकी देने एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
