×

वाराणसी: 3 घंटे में मिला लापता 6 वर्षीय मासूम, आदमपुर पुलिस की तत्परता से परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

वाराणसी: 3 घंटे में मिला लापता 6 वर्षीय मासूम, आदमपुर पुलिस की तत्परता से परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आदमपुर थाना पुलिस ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए महज तीन घंटे के भीतर लापता हुए 6 वर्षीय बच्चे को सकुशल खोजकर उसके परिजनों से मिला दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, पठानी टोला निवासी 6 वर्षीय मोहम्मद हसन अचानक घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने तत्काल आदमपुर थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस

सूचना मिलते ही हनुमान फाटक चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने पुलिस टीम के साथ आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कराया। पुलिस ने लगातार खोजबीन करते हुए करीब तीन घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया बच्चा

बरामदगी के बाद पुलिस ने बच्चे को उसके पिता मोहम्मद शोएब के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने आदमपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद दिया।

आदमपुर पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने भी सराहा और कहा कि समय रहते पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया।

Share this story