×

Varanasi News: काशी के 20 चौराहों पर लगेंगे हाईटेक सर्विलांस कैमरे, 3.07 करोड़ खर्च करेगी टोयोटा

Varanasi News: काशी के 20 चौराहों पर लगेंगे हाईटेक सर्विलांस  कैमरे, 3.07 करोड़ खर्च करेगी टोयोटा

वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा मजबूत करने के लिए काशी के 20 और प्रमुख चौराहों पर अत्याधुनिक सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी। वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और कंपनी के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के ईवीपी विक्रम गुलाटी की मौजूदगी में समझौते का आदान-प्रदान हुआ। परियोजना के तहत शहर के ऐसे 20 चौराहों को चुना गया है, जहां यातायात का दबाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां अधिक हैं। कंपनी की टीम पुलिस प्रशासन के साथ इन स्थानों का निरीक्षण भी कर चुकी है।

कमांड सेंटर से होगी 24 घंटे निगरानी

नए कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के माध्यम से काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। यहां पुलिस और सुरक्षाकर्मी चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे। किसी चौराहे पर दुर्घटना, जाम या आपात स्थिति सामने आने पर कंट्रोल रूम से नजदीकी थाने को अलर्ट भेजा जाएगा, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस के सर्वे के मुताबिक, वर्ष 2025 में शहर में करीब तीन हजार सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं। वहीं, प्रतिदिन यातायात नियमों के उल्लंघन के लगभग 500 मामले सामने आते हैं। पहले चिह्नित 98 संवेदनशील स्थानों में से 21 चौराहों पर आईटीएमएस और एटीसीएस सिस्टम लगाए जा चुके हैं। अब 20 और स्थानों पर निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी।

फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

परियोजना के तहत उपकरणों की स्थापना और कमीशनिंग का काम शुरू किया जाएगा। दिसंबर में सिस्टम इंटीग्रेशन की प्रक्रिया प्रस्तावित है। फरवरी 2027 तक परियोजना का हैंडओवर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से हेलमेट, सिग्नल और लेन अनुशासन जैसे यातायात नियमों के पालन में 20 से 30 प्रतिशत तक सुधार का अनुमान है। सिग्नल जंपिंग और ओवरस्पीडिंग जैसी गतिविधियों में भी कमी आने की उम्मीद है।

300 चालकों को मिलेगा प्रशिक्षण

परियोजना के दूसरे चरण में शहर के 300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण और सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा टोयोटा की ओर से पहले भी जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। कंपनी ने सरकारी बालिका विद्यालयों में स्वच्छता सुविधाओं के विकास में भी सहयोग किया है।

कार्यक्रम से पहले नगर आयुक्त और टोयोटा के प्रतिनिधिमंडल ने त्रिनेत्र भवन स्थित कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। अधिकारियों को इसकी तकनीकी व्यवस्था और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। स्मार्ट सिटी के अनुसार, यहां 2,700 कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें 108 एएनपीआर और 2,169 सर्विलांस कैमरे शामिल हैं। केंद्र से यातायात प्रबंधन और ठोस कचरा प्रबंधन की निगरानी भी की जाती है।

Share this story