UP Politics: संत रविदास जयंती समारोह में सीएम योगी का सपा पर हमला! भदोही का बदला नाम संत रविदास नगर के नाम से होगी पहचान...
वाराणसी। संत रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
काशी के सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास जन्मस्थली मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि "समाजवादी पार्टी ने भदोही का नाम बदलने का पाप किया था, अब यह जनपद संत रविदास नगर के नाम से अपनी पहचान बनाए रखेगा।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का संदेश दिया था। उनकी शिक्षाओं से प्रेरित होकर केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण तथा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना किसी जाति या वर्ग का भेद किए करोड़ों लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचाया जा रहा है।
नाम बदलने की राजनीति पर विपक्ष पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कई महापुरुषों के नाम पर बने संस्थानों के नाम बदले, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें पुनः सम्मान दिलाया।
उन्होंने कन्नौज के बाबा साहेब आंबेडकर मेडिकल कॉलेज और औरैया मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा महापुरुषों की विरासत को सम्मान देने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में बाबा साहेब आंबेडकर के नाम पर मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय बनाए जाएंगे तथा संत रविदास, बाबा आंबेडकर और महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमाओं के आसपास पार्क, बाउंड्री और छत का निर्माण कराया जाएगा।

केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "सपा की साइकिल के दो पहिए हैं- एक गुंडागर्दी का और दूसरा तुष्टिकरण का।" उन्होंने भाजपा सरकार को सामाजिक न्याय और विकास के लिए समर्पित बताया।

केंद्रीय नेताओं ने संत रविदास के विचारों को बताया प्रेरणास्रोत
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि संत रविदास के विचार भारतीय संविधान में निहित समानता और बंधुत्व की भावना के मूल आधार हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संत रविदास समाज के सभी वर्गों के प्रेरणास्रोत हैं और भाजपा उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत रविदास ने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर कर्म और चरित्र को सर्वोपरि माना, जो आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है।
कार्यक्रम में डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास महाराज, केंद्रीय और प्रदेश सरकार के कई मंत्री, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
