यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, वाराणसी जोन के नौ जिलों में पुलिस और हथियारों की होगी समीक्षा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वाराणसी जोन के नौ जिलों में पुलिस बल की उपलब्धता, हथियारों की स्थिति और सुरक्षा उपकरणों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर उनकी मैपिंग कराई जाएगी। चुनाव ड्यूटी में शारीरिक रूप से कमजोर पुलिसकर्मियों को तैनात नहीं किया जाएगा।
अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नौ जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील बूथों की होगी मैपिंग
एडीजी ने मतदान केंद्रों की वल्नरेबिलिटी और क्रिटिकल मैपिंग का काम गंभीरता से पूरा कराने को कहा। थानों और पुलिस लाइनों में उपलब्ध एंटी रायट उपकरणों की जांच कर उन्हें तीन श्रेणियों में बांटने के निर्देश दिए गए हैं।
इनमें इस्तेमाल योग्य, मरम्मत योग्य और निष्प्रयोज्य उपकरण शामिल हैं। मरम्मत योग्य उपकरणों को समय रहते दुरुस्त कराया जाएगा।
जिलों में उपलब्ध पुलिस बल के साथ चुनाव के दौरान मिलने वाले अतिरिक्त बल का भी आकलन किया जाएगा। नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात, अभिसूचना और अन्य शाखाओं में तैनात कर्मियों की क्षमता की समीक्षा होगी। शारीरिक रूप से कमजोर और अक्षम पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी से अलग रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हथियारों और शस्त्र लाइसेंस धारकों का सत्यापन
पुलिस लाइनों और थानों में मौजूद एके-47, एसएलआर, इंसास, कार्बाइन, पिस्टल और रिवॉल्वर समेत सभी शस्त्रों का जीपी लिस्ट से मिलान कराया जाएगा। हथियारों की सफाई, ऑयलिंग और मरम्मत कराने को भी कहा गया है। वहीं, थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में शस्त्र लाइसेंस धारकों का भौतिक सत्यापन समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
अर्धसैनिक बलों के लिए बनेगा रूट चार्ट
चुनाव ड्यूटी में आने वाले अर्धसैनिक बलों के ठहरने, भोजन और आवागमन की व्यवस्था के लिए पहले से रूट चार्ट तैयार किया जाएगा। एरिया डॉमिनेशन के लिए स्थान चिह्नित करने के साथ फ्लाइंग स्क्वाड, स्टेटिक सर्विलांस टीम, वीडियो सर्विलांस टीम और वीडियो व्यू टीम की तैयारियां पूरी रखने को कहा गया है।
नामांकन स्थलों, मतदान केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की योजना भी अभी से तैयार की जाएगी।
वांछित और अन्य अपराधियों का सत्यापन कर सूची बनाने तथा यक्ष एप को अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। एडीजी ने स्पष्ट किया कि चुनावी तैयारियों में लापरवाही या अधूरापन स्वीकार नहीं किया जाएगा। समीक्षा बैठक में डीआईजी, एसएसपी, एसपी सहित चुनाव सेल, पुलिस लाइन, रेडियो, अभिसूचना और अग्निशमन विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
