वाराणसी में शहर की बिगड़ती व्यवस्था को लेकर सपाइयों का अनोखा प्रदर्शन

वाराणसी। शहर की बिगड़ती सड़क व्यवस्था और गहराते गड्ढों को लेकर आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने, अनोखे अंदाज में सड़क के गड्ढों मे खड़े होकर व, मिट्टी शरीर पे लगा कर अपर नगर आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
यह ज्ञापन नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही पीड़ा को दर्शाता है, जिसमें गड्ढों के कारण हो रहे दुर्घटनाओं, जाम, जलभराव और नागरिक असुविधा की प्रमुखता से जानकारी दी गई। पूरे शहर बनारस में विभिन्न कार्यो के लिए सभी प्रमुख मार्गो पर सड़क खोद कर गड्ढा खुला छोड़ दिया गया है, जिससे लगातार दुर्घटना हो रही है। आपको पहले से भी ज्ञात है कि बरसात का मौसम होने के साथ काशी में सावन का बड़ा महत्व है, दूर-दराज के क्षेत्र से कावंड़ लेकर आने वाले कावंड़िये, दर्शनार्थी, श्रद्धालु व पर्यटको को असुविधा का सामना करने साथ जोखिम भी उठाना पड़ रहा है। लगातार कई घटनाओं के बाद भी शासन की नींद नही खुल रही है।
सपा नेता ज़ीशान अंसारी ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर खतरनाक गड्ढे है, हर तरफ किसी न किसी कार्य के लिए सड़कों को खोद कर छोड़ दिया गया है, शहर की प्रमुख सड़कों की हालत बेहद खराब है। बारिश के बाद सड़कों पर बने गड्ढे और भी गहरे हो गए हैं, जिससे रोज़ाना दर्जनों लोग चोटिल हो रहे हैं। विगत कई हफ्तों में कई सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्कूली बच्चों, बुज़ुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बन चुकी है। गड्ढों के कारण एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड तक को मार्ग में कठिनाई होती है। आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है, और सोशल मीडिया पर लगातार शिकायतें की जा रही हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ गोलू ने बताया कि हाल ही में बनी सड़कों पर भी गड्ढे दिखने लगे हैं, जो निर्माण में भ्रष्टाचार और लापरवाही का संकेत देते हैं। हम लोगों ने अपर नगर आयुक्त से मांग की है कि सभी प्रमुख सड़कों का तत्काल सर्वेक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। मानक गुणवत्ता से मरम्मत एवं निर्माण हो और कार्यों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए। जिस ठेकेदार या विभागीय अधिकारी की लापरवाही सामने आए, उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। भविष्य के लिए स्थायी समाधान की योजना, जिसमें जल निकासी, सड़क निर्माण और देखरेख की स्पष्ट नीति हो।
अपर नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस समस्या का अतिशीघ्र निवारण किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू नहीं हुआ तो जन आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। शहरवासी अब और इंतजार नहीं करना चाहते – उन्हें सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त सड़कें चाहिए। प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, अमित कुमार, उरूज़ रफी, राजिश, कैफ, रजत, परवेज़, ज़ीशान, अयान अंसारी, विक्की गुप्ता, योगेश यादव, राज श्रीवास्तव आदि लोग प्रमुख रूप से आदि तमाम लोग उपस्थित रहे।