कैंट स्टेशन के पास राहगीरों से अश्लील इशारे करने के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार
वाराणसी। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना की एंटी रोमियो टीम ने कार्रवाई करते हुए कैंट रेलवे स्टेशन के सामने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों पर राहगीरों के प्रति अशोभनीय एवं अश्लील इशारे कर उन्हें असहज करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार सूचना प्राप्त हुई थी कि कैंट स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच दो महिलाएं आने-जाने वाले लोगों के साथ अशोभनीय व्यवहार कर रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एंटी रोमियो टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जीविका (काल्पनिक नाम, 42 वर्ष) तथा रुबिया (काल्पनिक नाम, 28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध थाना सिगरा में मुकदमा अपराध संख्या 0327/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस आयुक्तालय वाराणसी द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई सिगरा थाना प्रभारी के निर्देशन में एंटी रोमियो टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
