चंदौली के जमनिया रोड पर फिर मंडराया हादसों का खतरा, एक ही रात में दो वाहन दुर्घटनाग्रस्त
चंदौली। जनपद के बरहनी क्षेत्र स्थित जमनिया रोड पर शुक्रवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में वाहन चालकों की जान बच गई, हालांकि वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, अहरौरा से माझी घाट की ओर पत्थर लादकर जा रहा ट्रक जेवरीयाबाद गांव के समीप सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा रात करीब 9:40 बजे हुआ। ट्रक चालक विवेक कुमार यादव सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

इसी मार्ग पर कुछ देर बाद एक और दुर्घटना हुई। गाजीपुर से चंदौली की ओर जा रहा एक वाहन चालक नींद की झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जमनिया रोड की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। सड़क की पटरी कई स्थानों पर टूट चुकी है और गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और सड़क की खराब स्थिति के चलते यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीण कुन्नू सिंह समेत कई लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क और पटरी की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस मार्ग पर लगभग हर महीने सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। हाल ही में एक युवक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें उसके दोनों पैर क्षतिग्रस्त हो गए थे और बाद में उसकी मौत हो गई थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने तथा जमनिया रोड की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने की मांग की है।
