×

रेल यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, घंटों लेट चल रहीं ट्रेनें

रेल यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, घंटों लेट चल रहीं ट्रेनें
मुंबई-वाराणसी रूट की ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री बेहाल, स्पेशल ट्रेन 10 घंटे विलंब से पहुंची
 

मुंबई-वाराणसी रूट की ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री बेहाल, स्पेशल ट्रेन 10 घंटे विलंब से पहुंची

वाराणसी। मुंबई से वाराणसी होकर गुजरने वाली ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ट्रेनों के निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं आगे की यात्रा की योजना भी प्रभावित हो रही है।

बृहस्पतिवार को भी मुंबई रूट की कई ट्रेनें देरी से वाराणसी पहुंचीं। दादर से गोरखपुर जाने वाली 01027 दादर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन को बुधवार रात 9:45 बजे वाराणसी पहुंचना था, लेकिन यह लगभग 10 घंटे की देरी से गुरुवार सुबह 7:45 बजे कैंट स्टेशन पहुंची। ट्रेन के विलंब से पहुंचने के कारण यात्रियों को पूरी रात स्टेशन और प्रतीक्षालयों में गुजारनी पड़ी।

इसी तरह 11061 पवन एक्सप्रेस (लोकमान्य तिलक टर्मिनल-जयनगर) भी अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे 50 मिनट देरी से दोपहर 3:15 बजे वाराणसी पहुंची। वहीं 11071 कामायनी एक्सप्रेस (लोकमान्य तिलक टर्मिनल-बलिया) भी निर्धारित समय शाम 7:45 बजे के बजाय करीब 5 घंटे विलंब से आधी रात बाद 12:50 बजे स्टेशन पर पहुंची।

यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों की वास्तविक स्थिति और आगमन समय की सटीक जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं होने से उनकी परेशानियां और बढ़ रही हैं। कई यात्रियों को आगे की ट्रेनें और अन्य यातायात साधन पकड़ने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

रेलवे सूत्रों के अनुसार मुंबई-वाराणसी रेलखंड पर विभिन्न स्थानों पर ट्रैक मेंटेनेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य चल रहे हैं। इसके लिए कई सेक्शनों में आंशिक एवं मेगा ब्लॉक लिया गया है, जिसके चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ रहा है और कई गाड़ियां विलंब से चल रही हैं।

Share this story