वाराणसी। काशी घूमने आए सैलानियों ने बुधवार को बनारस का एक अलग ही नजारा देखा। आसमान से कुछ देर हुई झमाझम बारिश के बाद शहर की कई सड़कें और गलियां पानी से लबालब हो गईं। हालात ऐसे बने कि घूमने निकले पर्यटकों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा और कई जगह लोग ‘झपाक-झपाक’ करते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
चंद मिनटों की तेज बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। कई जगह सड़क और नाली का फर्क तक नजर नहीं आया।
काशी के घाट, मंदिर और गलियों का दीदार करने पहुंचे सैलानी जहां कैमरे में बनारस की खूबसूरती कैद करने निकले थे, वहीं अचानक बारिश ने उनका अनुभव कुछ अलग ही बना दिया। कई पर्यटक जूते-चप्पल हाथ में लेकर पानी से रास्ता पार करते दिखाई दिए।
बारिश के बाद जलभराव की समस्या वाराणसी के कई हिस्सों में सामने आती रही है। हाल की बारिश में भी शहर के कई प्रमुख इलाकों में पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की खबर सामने आई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बारिश के बाद जलभराव की स्थिति सामने आती है, लेकिन स्थायी जलनिकासी व्यवस्था अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में सवाल यह है कि काशी में आने वाले सैलानियों को कब तक पर्यटन के साथ-साथ ‘जलभराव टूर’ का भी अनुभव लेना पड़ेगा?
