'ये शादी नहीं हो सकती! वाराणसी के मंडप में पहुंची प्रेमिका, दूल्हे को ले गई पुलिस, जानिए क्या है पूरा मामला
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक शादी के दौरान फिल्मी नजारा देखने को मिला। मंडुवाडीह स्थित एक मैरिज लॉन में जब शहनाइयां बज रही थीं, तभी महाराष्ट्र के पुणे से आई एक युवती ने शादी रुकवा दी। युवती का दावा है कि दूल्हा उसका पति है और दोनों की कोर्ट मैरिज हो चुकी है।
फेसबुक पर हुआ था प्यार
युवती ने पुलिस को बताया कि वह पुणे की रहने वाली है। फेसबुक के जरिए उसकी जान-पहचान जौनपुर (जलालपुर) निवासी युवक से हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। युवती का आरोप है कि युवक ने उसके साथ धोखाधड़ी की, जिसके खिलाफ उसने पुणे में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी।
फ्लाइट से वाराणसी पहुंची प्रेमिका
हैरानी की बात यह है कि युवक ने खुद अपनी सगाई की फोटो प्रेमिका को भेजकर उसे चुनौती दी थी। इसके बाद युवती तुरंत पुणे से फ्लाइट पकड़कर वाराणसी पहुंची और पुलिस की मदद से सीधे मंडप में धावा बोल दिया।
थाने में हुआ समझौता
हंगामे के बाद पुलिस दूल्हे और उसके परिजनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। वहां तीन पक्षों (दूल्हा पक्ष, वधू पक्ष और प्रेमिका) के बीच घंटों बहस चली। अंत में समझौता हुआ कि दूल्हा पक्ष, लड़की (दुल्हन) पक्ष का शादी में हुआ सारा खर्च एक हफ्ते के अंदर वापस करेगा। पुलिस ने लॉन के बाहर जमा भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया।
