×

वाराणसी के गोलगड्डा में शराब गोदाम में चोरी, छत की पटिया उखाड़कर बोतलें और बीयर के कैन ले गए चोर

वाराणसी के गोलगड्डा में शराब गोदाम में चोरी, छत की पटिया उखाड़कर बोतलें और बीयर के कैन ले गए चोर
आदमपुर थाना क्षेत्र की घटना, सुबह गोदाम खुलने पर हुई जानकारी; दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

 

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलगड्डा स्थित कंपोजिट शराब और बीयर के गोदाम में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने गोदाम की छत की पटिया उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और हजारों रुपये मूल्य की शराब की बोतलें व बीयर के कैन लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

गोदाम के लाइसेंसधारी ओमप्रकाश जायसवाल के मुताबिक, बीती रात कर्मचारी निर्धारित समय पर दुकान और गोदाम बंद करके घर चले गए थे। सुबह रोजाना की तरह सेल्समैन ने दुकान खोली और बिक्री शुरू कर दी।

इसी दौरान अंग्रेजी शराब का एक ब्रांड दुकान में खत्म हो गया। स्टॉक लेने के लिए सेल्समैन गोदाम पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर हैरान रह गया। गोदाम की छत की पटिया उखड़ी हुई थी।

 

सेल्समैन ने तत्काल इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। मौके पर पहुंचे ओमप्रकाश जायसवाल ने गोदाम की जांच की तो शराब की बोतलें और बीयर के कैन गायब मिले। चोरी हुए सामान की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।

 

घटना के संबंध में दुकान मालिक ने पुलिस को मौखिक और लिखित सूचना दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। चोरों ने किस समय वारदात को अंजाम दिया और चोरी में कितने लोग शामिल थे, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Share this story